नई दिल्ली। भारत दौरे पर आए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में पुतिन को गार्ड ऑफ ऑनर और 21 तोपों की सलामी दी गई। दो दिवसीय भारत यात्रा का यह दूसरा और अंतिम दिन है।
राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
रूसी राष्ट्रपति पुतिन गुरुवार सुबह राजघाट पहुंचे, जहां उन्होंने महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पचक्र अर्पित किया और श्रद्धांजलि दी। इस दौरान ‘रघुपति राघव राजा राम’ और ‘वैष्णव जन तो’ जैसे भजन बज रहे थे। श्रद्धांजलि के बाद पुतिन ने राजघाट की विजिटर बुक में अपने हस्ताक्षर भी किए।
पीएम मोदी ने प्रोटोकॉल तोड़कर किया स्वागत
पुतिन बुधवार शाम करीब 7 बजे पालम एयरपोर्ट पहुंचे। खास दोस्त का स्वागत करने प्रधानमंत्री मोदी प्रोटोकॉल तोड़ते हुए स्वयं एयरपोर्ट पर पहुंचे। विमान से उतरते ही दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और गले लगकर गर्मजोशी दिखायी।
इसके बाद दोनों नेता एक ही कार से पीएम आवास पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री ने उनके सम्मान में विशेष रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने पुतिन को रूसी भाषा में लिखी ‘श्रीमद्भगवद्गीता’ भेंट की।
4 साल बाद भारत आए पुतिन
व्लादिमीर पुतिन पिछली बार दिसंबर 2021 में भारत आए थे। वर्ष 2022 में रूस–यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है। यही कारण है कि दुनिया की निगाहें इस यात्रा और भारत-रूस वार्ता पर टिकी हुई हैं।