भोपाल: मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में धार और अन्य जनजातीय बाहुल्य जिलों में मेडिकल कॉलेजों का भूमि पूजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए यह कदम अहम है। इस पहल के तहत पीपीपी (जन-निजी भागीदारी) मोड पर देश का पहला मेडिकल कॉलेज मध्यप्रदेश में स्थापित किया जा रहा है।
धार में 25 एकड़ भूमि पर 260 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस मेडिकल कॉलेज का निर्माण स्वामी विवेकानंद शिक्षा धाम फाउंडेशन के सहयोग से किया जा रहा है। पीपीपी मॉडल के तहत समाज और सरकार मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेंगे और स्थानीय जनजातीय बच्चों को डॉक्टर बनने का अवसर मिलेगा। यहां नर्सिंग और पैरामेडिकल कोर्स भी संचालित होंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि राज्य में वर्ष 2002-03 तक केवल 5 मेडिकल कॉलेज थे, जो अब बढ़कर 33 हो गए हैं। पिछले दो वर्षों में 6 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज शुरू किए गए हैं, जिनमें आदिवासी अंचल सिंगरौली और श्योपुर के मेडिकल कॉलेज भी शामिल हैं। इसके साथ ही 354 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के पदों को स्वीकृति दी गई है।
धार में आज 626 करोड़ रुपये की लागत से कुल 93 विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया गया। इसमें छात्रावास, स्कूल, स्टेडियम, विधि महाविद्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और 15 करोड़ की लागत से बनने वाला गीता भवन शामिल हैं। इसके अलावा धार-मनावर-गंधवानी और कुक्षी में 26 बालक-बालिका छात्रावासों का भूमि पूजन भी किया गया।
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि पीपीपी मोड पर धार में मेडिकल कॉलेज का निर्माण देश के लिए ऐतिहासिक अवसर है। इस परियोजना से ग्रामीण क्षेत्रों में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और यहां से निकलने वाले पीजी डॉक्टर प्रदेश की सेवा में लगेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है और अब प्रिवेंटिव क्योर यानी बीमारी से पहले रोकथाम पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह भी बताया कि प्रदेश में पीएमश्री एयर एम्बुलेंस सेवा, राहवीर योजना और अंगदान के लिए गार्ड ऑफ ऑनर जैसी सुविधाएं लागू की गई हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ विधायक एवं प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल, केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। धार में मेडिकल कॉलेज का निर्माण और विकास कार्य राज्य के स्वास्थ्य और सामाजिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा।