गांधीनगर:मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य पुलिस बल के वरिष्ठ अधिकारियों से कहा है कि गुजरात में ऐसा वातावरण तैयार किया जाए, जिससे पुलिस और प्रजा के बीच विश्वास का सेतु और अधिक मजबूत हो। उन्होंने कहा कि जनता का पुलिस पर भरोसा ही अपराध नियंत्रण के लिए सबसे मजबूत खुफिया तंत्र है। मुख्यमंत्री मंगलवार को गांधीनगर में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय क्राइम कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात में शांति और सुरक्षा का वातावरण राज्य को विकास के रोल मॉडल के रूप में पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभा रहा है। सुरक्षित माहौल के कारण ही वैश्विक कंपनियां निवेश और उद्योग के लिए गुजरात को प्राथमिकता देती हैं। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय राज्य पुलिस की सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी की भावना को दिया।
उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री हर्ष संघवी की उपस्थिति में शुरू हुई इस कॉन्फ्रेंस में डीजीपी, एडीजी, पुलिस आयुक्त, आईजी, रेंज आईजी और जिला पुलिस अधीक्षक शामिल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते समय के साथ अपराधी भी आधुनिक तकनीक का उपयोग कर रहे हैं, जिससे निपटने के लिए पुलिस बल को सतर्कता के साथ अत्याधुनिक तकनीक अपनानी होगी।
उन्होंने कहा कि गुजरात पुलिस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग, तटीय सुरक्षा और साइबर अपराध की रोकथाम जैसे क्षेत्रों में सक्षम भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनहित आधारित नीतियों को मजबूत करने और पुलिसिंग की सुविधाएं ग्रामीण स्तर तक समान रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि नशे की लत के शिकार युवाओं के प्रति पुलिस का रवैया संवेदनशील होना चाहिए। उन्होंने अपेक्षा जताई कि ऐसे युवाओं को सजा देने के बजाय प्रेमपूर्वक समझाकर काउंसिलिंग के माध्यम से सही मार्ग पर लाने का प्रयास किया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि क्राइम कॉन्फ्रेंस के दौरान इस विषय पर भी सार्थक और परिणामकारी विचार-विमर्श होगा।