उत्तर प्रदेश के चर्चित उन्नाव रेप केस में आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होने जा रही है। दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर को दी गई जमानत के खिलाफ सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। इस मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ करेगी।
इससे पहले शनिवार को रेप पीड़िता दिल्ली स्थित सीबीआई कार्यालय पहुंची थी, जहां उसने कुलदीप सेंगर की जमानत के खिलाफ आवेदन सौंपा। 23 दिसंबर को दिल्ली हाई कोर्ट ने कुलदीप सेंगर को सशर्त जमानत दी थी, जिसके बाद से इस फैसले के खिलाफ विरोध शुरू हो गया। जमानत के विरोध में पीड़िता, उसकी मां और सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना दिल्ली में धरने पर बैठी हैं। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सुप्रीम कोर्ट कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत को रद्द करे।
आज सुप्रीम कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के साथ न्यायमूर्ति जेके माहेश्वरी और न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ इस मामले की सुनवाई करेगी। सीबीआई की याचिका के अलावा सुप्रीम कोर्ट के वकील अंजले पटेल और पूजा शिल्पकार द्वारा दायर एक अलग याचिका पर भी सुनवाई होनी है, जिसमें दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश को चुनौती दी गई है। गौरतलब है कि दिल्ली हाई कोर्ट ने 23 दिसंबर को कुलदीप सिंह सेंगर की उम्रकैद की सजा को रद्द कर दिया था। कोर्ट का कहना था कि वह 2017 के उन्नाव बलात्कार मामले में पहले ही सात साल पांच महीने की सजा पूरी कर चुका है, जिसके आधार पर उसे जमानत दी गई।