रिपोर्ट – अनुराग श्रीवास्तव – कानपुर
कानपुर नए साल 2026 के स्वागत में अभी कुछ ही दिन बाकी हैं और कानपुर शहर पूरी तरह तैयारियों में जुटा हुआ है। शहर दो अलग-अलग रंगों में नजर आ रहा है । एक तरफ शहर के विभिन्न होटल्स और क्लब्स में ग्रैंड न्यू ईयर पार्टियों की धूम मच रही है, तो दूसरी तरफ मंदिरों में भक्ति और विशेष पूजा-अर्चना की तैयारियां जोरों पर हैं। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बावजूद कानपुरवासियों का उत्साह चरम पर है, और हर कोई 31 दिसंबर की रात को अपने अंदाज में यादगार बनाने की योजना बना रहा है।
शहर के विभिन्न होटल्स और क्लब्स में न्यू ईयर ईव की बुकिंग्स लगभग फुल हो चुकी हैं। कई जगहों पर थीम्ड पार्टियां आयोजित की जा रही हैं, जहां लाइव डीजे के साथ ही इंटरनेशनल आर्टिस्ट्स की परफॉर्मेंस, अनलिमिटेड फूड-ड्रिंक्स और मिडनाइट फायरवर्क्स का खास इंतजाम है। इन पार्टियों में लाइव म्यूजिक, डांस फ्लोर, फ्लेयर बारटेंडिंग और शानदार बुफे शामिल होगा। युवा वर्ग खास तौर पर इस पार्टी को लेकर उत्साहित है। ऐसे में इन पार्टियों की एंट्री फीस 3000 से 15,000 रुपये तक है। होटल और क्लब मैनेजर्स का कहना है कि इस बार स्पेशल थीम्ड डेकोरेशन जैसे न्यूयॉर्क स्टाइल या वाइल्ड थीम और परफॉर्मेंस से रात को और यादगार बनाया जाएगा। रात 12 बजते ही आतिशबाजी और चीयर्स से शहर गूंजेगा।
दूसरी ओर, शहर का भक्ति वाला चेहरा पूरी तरह शांत और आध्यात्मिक माहौल में डूबा हुआ है। कानपुर के मशहूर जेके टेम्पल में न्यू ईयर पर विशेष रुद्र यज्ञ और पूजा की तैयारियां चल रही हैं। मंदिर प्रशासन के अनुसार कि 31 दिसंबर की रात और 1 जनवरी को लाखो की संख्या में श्रद्धालु भगवान राधा-कृष्ण के दर्शन और आशीर्वाद के लिए पहुंचेंगे। वहीं इस्कॉन टेम्पल में भी नववर्ष पर विशेष उत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें भजनकीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भागवत पाठ होंगे। गंगा घाटों पर भी दीये जलाने और विशेष आरती की योजना है। कई परिवार पार्टियों की जगह मंदिरों में नए साल की शुरुआत भक्ति भाव से करने की सोच रहे हैं। श्रद्धालुओं का मानना है कि नए साल की शुरुआत भगवान के चरणों में करने से साल भर सुख-शांति बनी रहेगी। ऐसे में लोग माता वैष्णो देवी की यात्रा, वृंदावन, खाटू श्याम, अयोध्या, काशी की तरफ भी रुख कर रहे हैं ।
मौसम विभाग के अनुसार, कानपुर में इन दिनों घना कोहरा और ठंड का कहर जारी है। तापमान 4-7 डिग्री तक गिर चुका है, लेकिन इससे जश्न की तैयारियों पर कोई असर नहीं पड़ता दिख रहा है, पुलिस ने भी विशेष इंतजाम किए हैं । ट्रैफिक कंट्रोल, नशे में ड्राइविंग पर चेकिंग और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात की जा रही है। जेड स्क्वायर मॉल में न्यू ईयर शॉपिंग की धूम है, जबकि गलियों में ठंडाई और पकौड़ियों की स्टॉल्स सज चुकी हैं। कानपुर का ये दोहरा स्वरूप ही इसे खास बनाता है, मॉडर्न पार्टी का जोश और पारंपरिक भक्ति की शांति। चाहे क्लब में डांस करना हो या मंदिर में प्रार्थना, हर कोई 2026 को अपने तरीके से स्वागत करने को तैयार है।