रिपोर्ट – प्रमोद झा
मैनपुरी। नए साल के पहले ही दिन पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े दंपति से लूट व गोलीकांड की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों के खिलाफ मैनपुरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने महज 15 घंटे के भीतर मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घटना 1 जनवरी की है, जब मैनपुरी से अपने गांव बाइक से जा रहे एक दंपति को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया था और उनके सोने के आभूषण व मोबाइल सहित नकदी लूटकर फरार हो गए थे। घायल दंपति को ग्रामीणों की मदद से जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। इस संबंध में थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार के नेतृत्व में कई टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश एलाऊ थाना क्षेत्र से गुजरते हुए फरार होने का प्रयास कर रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे थाना एलाऊ प्रभारी अवनीश त्यागी गश्त पर थे, तभी एसओजी टीम से सूचना मिली कि लूट में शामिल बदमाश उनके क्षेत्र से गुजर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवार बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, जिस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह बाइक सहित गिर पड़ा। इसी दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। गिरफ्तार बदमाश ने अपना नाम अमित उर्फ सोनू पुत्र जंग बहादुर, निवासी ग्राम हरचंदपुर, थाना दन्नाहार बताया है। उसने दंपति से की गई लूट की वारदात को स्वीकार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस फरार बदमाश की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि मैनपुरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 15 घंटे के भीतर घटना का सफल खुलासा किया है और आगे की कार्रवाई जारी है।