रिपोर्ट – मनोज तिवारी – हरदोई
हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई शहर में एक होटल पर खाना लेने गए वकीलों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में तीन वकील घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के विरोध में सोमवार को वकीलों ने सांकेतिक प्रदर्शन करते हुए कार्यबहिष्कार किया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामला शहर के रंजना होटल का है। कोतवाली देहात क्षेत्र के नयागांव मुबारकपुर निवासी अधिवक्ता रोहित सिंह ने कोतवाली शहर में तहरीर देकर बताया कि रविवार शाम करीब 6:45 बजे वह अपने साथी अधिवक्ता दीपक त्रिपाठी और दीपक पाल के साथ रंजना होटल पर खाना पैक कराने गए थे। खाना तैयार होने में समय लगने पर वे पास ही पान मसाला की दुकान के पास खड़े हो गए।
इसी दौरान खाना और पान मसाला को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि पान मसाला दुकानदार, रंजना होटल के मालिक और उनके चार–पांच कर्मचारियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने एकजुट होकर वकीलों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने तंदूर की सरिया और अन्य धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया, जिसमें अधिवक्ता दीपक पाल बेहोश हो गए। उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें हरदोई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर सोमवार को बड़ी संख्या में वकील एकत्र हुए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। वकीलों ने कार्यबहिष्कार कर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने वकीलों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया।
अपर पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले में अधिवक्ताओं से वार्ता कर ली गई है और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।