नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया है। गुरुवार से शुरू हुए आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और अमेरिका के बीच खेले गए मुकाबले में भले ही उनका बल्ला नहीं चला, लेकिन मैदान पर कदम रखते ही उन्होंने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली।
महज 14 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 वर्ल्ड कप खेलने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के क्रिकेटर बन गए हैं। अमेरिका के खिलाफ मुकाबले के दौरान जब वह मैदान पर उतरे, उस समय उनकी उम्र 14 साल और 294 दिन थी। इसके साथ ही उन्होंने कनाडा के नितीश कुमार का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 15 साल 245 दिन की उम्र में इस टूर्नामेंट में डेब्यू किया था।
मैच की बात करें तो भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। टीम इंडिया के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अमेरिका को महज 107 रन पर ऑलआउट कर दिया। इसके बाद बारिश के कारण डकवर्थ-लुईस नियम के तहत भारत को 37 ओवर में 96 रन का संशोधित लक्ष्य मिला, जिसे भारतीय टीम ने 6 विकेट रहते आसानी से हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप ए में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की और दो अहम अंक अपने नाम किए। अब अंडर-19 भारतीय टीम अपना अगला मुकाबला 17 जनवरी को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी। यह मैच भारतीय समय के अनुसार दोपहर 1 बजे शुरू होगा।