नई दिल्ली। दिल्ली से बागडोगरा (सिलीगुड़ी) जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक उड़ान में उस समय अफरा‑तफरी का माहौल बन गया, जब विमान के भीतर बम से जुड़ी धमकी मिलने की सूचना सामने आई। एहतियातन सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए फ्लाइट को तत्काल लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया, जहां सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
रविवार सुबह करीब 8 बजकर 46 मिनट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल को यह जानकारी मिली कि इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E‑6650 में बम होने की आशंका जताई गई है। सूचना मिलते ही लखनऊ एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। विमान ने सुबह 9 बजकर 17 मिनट पर बिना किसी नुकसान के लैंडिंग की। उतरते ही विमान को मुख्य रनवे से हटाकर आइसोलेशन बे में खड़ा किया गया।
टॉयलेट में मिला संदिग्ध नोट
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह पूरी घटना विमान के शौचालय में मिले एक टिश्यू पेपर से जुड़ी है। उस पर हाथ से लिखा हुआ था — “प्लेन में बम है”। जैसे ही केबिन क्रू की नजर इस नोट पर पड़ी, उन्होंने तुरंत कॉकपिट को सूचित किया, जिसके बाद पायलट ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत डायवर्जन का फैसला लिया।
विमान में थे 237 लोग
फ्लाइट में कुल 222 वयस्क यात्री, 8 शिशु, 2 पायलट और 5 केबिन क्रू सदस्य सवार थे। प्रशासन ने बताया कि सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित रूप से विमान से उतार लिया गया है और किसी को कोई चोट नहीं आई है।
एसीपी रजनीश वर्मा और एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, मौके पर बम निरोधक दस्ता, स्थानीय पुलिस और एयरपोर्ट सुरक्षा बल तैनात हैं। विमान और यात्रियों के सामान की गहन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी भरा संदेश किसने और किस मकसद से लिखा।
फिलहाल हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और एयरपोर्ट पर सामान्य गतिविधियां जारी हैं। जांच पूरी होने तक विमान को आइसोलेशन बे में ही रखा जाएगा। वहीं, यात्रियों के लिए जलपान और आगे की यात्रा के वैकल्पिक इंतजामों पर भी विचार किया जा रहा है।