इस्लामाबाद। पाकिस्तान में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां देश के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ एक ऐसे आउटलेट का उद्घाटन करते नजर आए जिसे ‘पिज्जा हट’ बताया गया, लेकिन बाद में वह पूरी तरह फर्जी निकला। घटना के सामने आते ही सोशल मीडिया पर मजाक और मीम्स की बाढ़ आ गई।
मामला सियालकोट के कैंटोनमेंट क्षेत्र का है। यहां एक रेस्टोरेंट को अंतरराष्ट्रीय ब्रांड पिज्जा हट का नया आउटलेट बताकर भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। खुद रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने रिबन काटा और कैमरों के सामने मुस्कुराते हुए तस्वीरें खिंचवाईं। आयोजन स्थल पर पिज्जा हट जैसी ब्रांडिंग, लोगो और लाल रंग की छत भी दिखाई दे रही थी, जिससे किसी को शक नहीं हुआ। लेकिन यह खुशी ज्यादा देर टिक नहीं पाई।
सोशल मीडिया ने खोली पोल
जैसे ही उद्घाटन की तस्वीरें और वीडियो ऑनलाइन वायरल हुए, सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाने शुरू कर दिए। कई लोगों ने नोटिस किया कि यह आउटलेट पिज्जा हट पाकिस्तान की आधिकारिक वेबसाइट या स्टोर लिस्ट में शामिल नहीं है। इसके बाद मामला तेजी से तूल पकड़ने लगा।
पिज्जा हट पाकिस्तान का बयान
विवाद बढ़ने पर पिज्जा हट पाकिस्तान को सामने आकर सफाई देनी पड़ी। कंपनी ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए साफ कहा कि सियालकोट कैंटोनमेंट में खोला गया यह रेस्टोरेंट पूरी तरह अनधिकृत है।कंपनी के अनुसार, यह आउटलेट न तो पिज्जा हट पाकिस्तान से जुड़ा है और न ही यम! ब्रांड्स का हिस्सा है। बयान में यह भी स्पष्ट किया गया कि वहां न तो पिज्जा हट की आधिकारिक रेसिपी अपनाई जा रही है, न ही गुणवत्ता, फूड सेफ्टी और अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन किया जा रहा है।
कानूनी कार्रवाई की तैयारी
पिज्जा हट पाकिस्तान ने बताया कि उसने अपने ट्रेडमार्क और ब्रांड नाम के गलत इस्तेमाल को लेकर संबंधित अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई है। कंपनी का कहना है कि ऐसे फर्जी आउटलेट्स के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।