वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज लोकसभा में अपना रिकॉर्ड 9वां केंद्रीय बजट पेश कर रही हैं। बजट भाषण के दौरान उन्होंने घरेलू विनिर्माण, हेल्थकेयर सेक्टर, ऊर्जा सुरक्षा, गरीबी उन्मूलन और रोजगार सृजन को सरकार की प्राथमिकताएं बताया।
वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश की अर्थव्यवस्था में स्थिरता आई है। उन्होंने वित्तीय अनुशासन, निरंतर आर्थिक वृद्धि और नियंत्रित महंगाई को सरकार की नीतियों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह उन दूरदर्शी फैसलों का नतीजा है, जो सरकार ने चुनौतीपूर्ण और अनिश्चित समय में भी लिए।
दवाओं की कीमतों में मिलेगी राहत
बजट 2026 में हेल्थकेयर सेक्टर को लेकर कई अहम घोषणाएं की गई हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि डायबिटीज और कैंसर की दवाएं सस्ती की जाएंगी, जिससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही फार्मा सेक्टर को मजबूती देने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान किया गया है।
बायोफॉर्मा शक्ति मिशन का शुभारंभ
बजट में ‘बायोफॉर्मा शक्ति’ योजना की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य भारत को वैश्विक बायोफॉर्मा विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करना है। इस योजना पर अगले पांच वर्षों में 10 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे दवा निर्माण और रिसर्च को नई गति मिलेगी।
हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगा विस्तार
बजट में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर भी खास जोर दिया गया है—
-
तीन नए आयुर्वेदिक अस्पताल बनाए जाएंगे
-
बुजुर्गों के लिए मेडिकल केयर सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी
-
पांच नए रीजनल मेडिकल सेंटर स्थापित होंगे
-
पशु चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने और वेटनरी एजुकेशन को प्रोत्साहन दिया जाएगा
आत्मनिर्भर भारत पर सरकार का फोकस
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार बीते 12 वर्षों से आर्थिक विकास की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि आत्मनिर्भरता को मार्गदर्शक मानते हुए घरेलू मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को मजबूत किया गया है, ऊर्जा सुरक्षा पर ध्यान दिया गया है और अहम आयातों पर निर्भरता कम की गई है।
बजट भाषण के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि सरकार निवेश बढ़ाने और गरीबी उन्मूलन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। अब देश की जनता की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि वित्त मंत्री अपने रिकॉर्ड नौवें बजट में आम लोगों के लिए और कौन-कौन से बड़े ऐलान करती हैं।