कोलंबो में खेले गए ग्रुप A के मुकाबले में पाकिस्तान ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत के साथ आगाज़ तो कर लिया, लेकिन प्रदर्शन ऐसा रहा जिसने टीम की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए। एक नौसिखिया नीदरलैंड्स टीम ने पाकिस्तान को आखिरी ओवरों तक पसीना छुड़ा दिया और मैच लगभग उनके हाथ से निकल ही गया था।
148 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। 7 बल्लेबाज जल्दी-जल्दी पवेलियन लौट चुके थे और आखिरी 10 गेंदों में टीम को 21 रन चाहिए थे। ऐसे दबाव के क्षण में नीदरलैंड्स से फहीम अशरफ का आसान कैच छूट गया, जिसने मैच का रुख बदल दिया और पाकिस्तान को बिना खास मेहनत के जीत थमा दी। इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी नीदरलैंड्स की टीम 19.5 ओवरों में 147 रन पर सिमट गई। माइकल लेविट और मैक्स ओ’डॉउड ने तेज शुरुआत दिलाई और 3.1 ओवरों में 28 रन जोड़े। हालांकि, ओ’डॉउड 7 गेंदों में 5 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि लेविट ने 15 गेंदों में 24 रन बनाए।
31 रन तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद बास डी लीडे और कॉलिन एकरमैन ने पारी संभालने की कोशिश की। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 22 गेंदों में 34 रन जोड़े। एकरमैन 14 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद डी लीडे ने कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स के साथ 40 रन की साझेदारी कर टीम को 100 के पार पहुंचाया। बास डी लीडे ने 25 गेंदों में 30 रन बनाए, जबकि स्कॉट एडवर्ड्स ने सबसे अधिक 37 रन (29 गेंद) की पारी खेली। निचले क्रम में आर्यन दत्त ने 8 गेंदों में 13 रन जोड़कर स्कोर को सम्मानजनक स्तर तक पहुंचाया, लेकिन अंतिम ओवरों में विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा।
पाकिस्तान की ओर से सलमान मिर्जा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3.5 ओवरों में 24 रन देकर 3 विकेट झटके। अबरार अहमद, मोहम्मद नवाज और सईम अयूब को 2-2 विकेट मिले, जबकि शाहीन अफरीदी ने एक विकेट हासिल किया।मैच जीतने के बावजूद पाकिस्तान का यह प्रदर्शन संतोषजनक नहीं कहा जा सकता। एक कमजोर मानी जा रही टीम के खिलाफ इतनी परेशानी में पड़ना आने वाले मुकाबलों के लिए खतरे की घंटी है, खासकर तब जब जीत भी विरोधी की गलती पर निर्भर हो।