हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना में अहम बदलाव किए गए हैं। योजना के तहत आर्थिक सहायता, भुगतान के नियम और पात्रता को लेकर महिलाओं में लगातार सवाल उठ रहे थे। सूत्रों के अनुसार, लाभार्थियों के खाते में अगली किस्त 15 फरवरी को ट्रांसफर की जा सकती है। अब यह राशि मासिक नहीं बल्कि तिमाही आधार पर दी जाएगी।
सरकार ने 17 जनवरी 2026 को योजना की तीसरी किस्त जारी की थी, जिसमें 8.63 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में कुल ₹181 करोड़ भेजे गए थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की है कि अब यह सहायता तिमाही आधार पर ₹6,300 देने का प्रावधान है। हालांकि, कुछ जिलों में मासिक भुगतान अभी भी जारी है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, 10 से 15 फरवरी 2026 के बीच अगली किस्त जारी होने की संभावना है।
जनवरी 2026 में कैबिनेट ने भुगतान पैटर्न में बदलाव किया है। अब ₹2,100 की राशि दो हिस्सों में दी जाएगी: ₹1,100 सीधे बैंक खाते में और ₹1,000 महिला के नाम RD/FD में जमा होगा, जो 5 साल बाद ब्याज सहित मिलेगा। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए महिलाओं को कुछ अनिवार्य प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी, जिनमें आधार e-KYC, आधिकारिक ऐप पर लाइव फोटो अपलोड, बैंक खाता आधार से सीडिंग, DBT सक्रिय करना और परिवार पहचान पत्र (PPP) में आय विवरण सही रखना शामिल है।
पात्रता का दायरा भी बढ़ा दिया गया है। अब उन महिलाओं के बच्चे भी लाभार्थी बनेंगे, जो सरकारी स्कूल में 10वीं-12वीं में 80% से अधिक अंक लाते हैं। इसके अलावा, ‘निपुण भारत मिशन’ में दक्षता प्राप्त करने वाले बच्चों की माताएं भी योजना का लाभ प्राप्त करेंगी। लाभार्थी महिलाएं अपना स्टेटस Antyodaya Saral Portal या आधिकारिक मोबाइल ऐप पर देख सकती हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि अधूरी केवाईसी या गलत बैंक विवरण होने पर भुगतान रुक सकता है, इसलिए सभी दस्तावेज अपडेट रखना अनिवार्य है।