सनी देओल और वरुण धवन स्टारर ‘बॉर्डर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा है। देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में फिल्म का जबरदस्त जलवा देखने को मिल रहा है। 400 करोड़ क्लब में एंट्री करने के बाद अब फिल्म के 17वें दिन के कलेक्शन के आंकड़े सामने आ गए हैं, जिनमें हल्की लेकिन अहम ग्रोथ दर्ज की गई है।
ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के मुताबिक, वीकेंड का फायदा ‘बॉर्डर 2’ को साफ तौर पर मिला है। अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी इस मल्टीस्टारर फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म ने रिलीज के 17 दिन पूरे कर लिए हैं और इसी के साथ यह भारत में 300 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी है।
रविवार यानी डे 17 को फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 6.90 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके बाद भारत में फिल्म का कुल कलेक्शन लगभग 309.4 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। लगातार तीसरे हफ्ते में भी फिल्म का टिके रहना इसके मजबूत कंटेंट और दर्शकों के पॉजिटिव रिस्पॉन्स को दर्शाता है।
वहीं वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो ‘बॉर्डर 2’ ने अब तक करीब 421.1 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लिया है। बताया जा रहा है कि फिल्म का बजट लगभग 275 करोड़ रुपये है, ऐसे में यह पहले ही मुनाफे में आ चुकी है और जल्द ही इसे बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट का दर्जा मिल सकता है।
गौरतलब है कि 2025 की सबसे बड़ी रोमांटिक फिल्म ‘सैयारा’, जिसमें नए कलाकार अहान पांडे और अनीत पड्डा नजर आए थे, ने भारत में 329.2 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन किया था। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में ‘बॉर्डर 2’ इस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ सकती है।