दिल्ली में एक बार फिर बम धमकी से हड़कंप मच गया है। सोमवार सुबह राजधानी के कई नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच ईमेल के जरिए 9 स्कूलों को धमकी भेजी गई। धमकी भरे ईमेल में लिखा गया था- “दिल्ली बनेगा खालिस्तान, आज शहीद अफजल गुरु की याद में बम ब्लास्ट होगा। स्कूलां विच आज धमाका होगा।”
जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें दिल्ली कैंट का लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल, श्रीनिवासनपुरी और एनएफसी क्षेत्र के कैम्ब्रिज स्कूल, रोहिणी स्थित वेंकटेश्वर स्कूल, सीएम श्री स्कूल और बाल भारती स्कूल, सादिक नगर का द इंडियन स्कूल और आईएनए स्थित डीटीए स्कूल शामिल हैं।
धमकी की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ते की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। एहतियातन सभी स्कूल परिसरों को खाली कराया गया और छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। इसके बाद स्कूलों में गहन तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। हालांकि, सुरक्षा को देखते हुए तलाशी अभियान जारी है। पुलिस को आशंका है कि कुछ अन्य स्कूलों को भी इसी तरह की धमकी मिली हो सकती है, इसलिए हर सूचना को गंभीरता से लिया जा रहा है।
धमकी भरे ईमेल और कॉल्स की जांच के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है और कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सभी स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।