नई दिल्ली। ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मुकाबले को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के रुख में आए बदलाव के बाद अब नया विवाद खड़ा हो गया है। 9 फरवरी को पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने पर सहमति जताई, लेकिन इससे ठीक पहले PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी के बयान ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मोहसिन नकवी ने दावा किया कि पाकिस्तान ने यह फैसला अपने किसी निजी फायदे के लिए नहीं, बल्कि बांग्लादेश के समर्थन में लिया। उनके मुताबिक, पाकिस्तान ने ICC के सामने अपने लिए कोई शर्त या मांग नहीं रखी और पूरी कोशिश सिर्फ बांग्लादेश के हितों को ध्यान में रखकर की गई।
गौरतलब है कि इससे पहले बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था। इसी पृष्ठभूमि में नकवी का यह बयान सामने आया है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में कुछ और ही तस्वीर सामने आई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान ने ICC के साथ हुई बैठक में भारत के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज दोबारा शुरू करने की मांग रखी थी। इसके अलावा भारत-पाकिस्तान-बांग्लादेश के बीच त्रिकोणीय सीरीज कराने का प्रस्ताव भी दिया गया था। लेकिन ICC ने यह कहते हुए इन मांगों को ठुकरा दिया कि ऐसे फैसले उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आते। इसके बावजूद नकवी लगातार इस बात पर जोर देते रहे कि पाकिस्तान ने अपने लिए कुछ भी नहीं मांगा।
रिपोर्टर से बातचीत का वीडियो वायरल
भारत के खिलाफ मैच पर अंतिम फैसला होने से पहले मोहसिन नकवी और एक रिपोर्टर के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में नकवी कहते नजर आ रहे हैं कि “बस थोड़ी देर में फैसला हो जाएगा।” जब रिपोर्टर ने पूछा कि क्या कोई अच्छी खबर आने वाली है, तो नकवी ने मुस्कुराते हुए कहा, “हम तो हर वक्त अच्छी खबर ही देते हैं।” बांग्लादेश के संदर्भ में नकवी ने कहा कि बांग्लादेश का बयान सबने देखा होगा, जिसमें उसने पाकिस्तान से मैच खेलने की अपील की थी। नकवी के अनुसार, “जब उनका मामला सुलझ चुका था, तभी उन्होंने यह अनुरोध किया।” रिपोर्टर द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या पाकिस्तान ने अपनी कोई बात मनवाई, नकवी ने साफ कहा, “हमने बांग्लादेश के लिए स्टैंड लिया था। हमने अपने लिए कुछ नहीं किया।”
15 फरवरी को महामुकाबला तय
पाकिस्तान के यू-टर्न के बाद अब यह तय हो गया है कि भारत और पाकिस्तान 15 फरवरी, रविवार को T20 वर्ल्ड कप 2026 में आमने-सामने होंगे। यह मुकाबला एशिया कप फाइनल के बाद दोनों टीमों की पहली भिड़ंत होगी। एशिया कप में दोनों देशों के बीच तीन मैच खेले गए थे, जिनमें फाइनल सहित सभी मुकाबलों में भारत ने जीत दर्ज की थी। उन मैचों के दौरान मैदान पर कई बार माहौल तनावपूर्ण हो गया था और खिलाड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली थी। ऐसे में कोलंबो में होने वाला यह भारत-पाकिस्तान मुकाबला एक बार फिर हाई-वोल्टेज रहने की पूरी उम्मीद है।