नई दिल्ली। कांग्रेस ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया है। मंगलवार को कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के कुल 118 सांसदों ने स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस लोकसभा सचिवालय में जमा कर दिया।
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने बताया कि मंगलवार दोपहर 1 बजकर 14 मिनट पर नियम 94C के तहत यह नोटिस पेश किया गया। इसमें शामिल सांसदों में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा), लेफ्ट और राजद (RJD) के सदस्य शामिल हैं। हालांकि, पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस (TMC) इस प्रस्ताव से दूरी बनाए हुए है।
इस अविश्वास प्रस्ताव की पृष्ठभूमि यह है कि विपक्षी सांसदों को संसद में बोलने की पूर्ण स्वतंत्रता नहीं दी जा रही है। विशेषकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बार-बार बोलने से रोका जा रहा है और उनके माइक बंद कर दिए जाते हैं। कांग्रेस का आरोप है कि यही कारण है कि स्पीकर के खिलाफ यह कदम उठाया गया।
अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस कांग्रेस सांसद सुरेश कोडिकुन्निल, गौरव गोगोई और मोहम्मद जावेद ने लोकसभा महासचिव को सौंपा। नोटिस में यह भी कहा गया है कि अगर स्पीकर सदन की कार्यवाही में निष्पक्षता नहीं दिखाएंगे, तो उन्हें कार्यवाही का संचालन करने की अनुमति नहीं होगी।
TMC का रुख
इस बीच, TMC ने स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन नहीं किया है। TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि पार्टी ने सभी सांसदों को स्पीकर को विरोध का पत्र लिखने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा, “स्पीकर को MPs के मुद्दों जैसे निलंबन, नेता प्रतिपक्ष को बोलने की अनुमति न देना, महिला सांसदों पर झूठे आरोप आदि पर प्रतिक्रिया देने का समय देना चाहिए। अगर वह कोई कार्रवाई नहीं करते, तब ही अविश्वास प्रस्ताव लाने का विकल्प मौजूद है।”