उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मुख्तार अंसारी के पूर्व शूटर रहे शोएब बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात असैनी इलाके में हुई, जहां हमलावरों ने करीब 10 मिनट तक ताबड़तोड़ फायरिंग की। बताया जा रहा है कि शोएब को लगभग 15 गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए।
शोएब बॉबी का नाम चर्चित जेलर हत्याकांड में सामने आया था और वह इस मामले में आरोपी था। जांच एजेंसियों के मुताबिक उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और गैंगवार से जुड़े कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। हाल के महीनों में गैंग के भीतर वर्चस्व की लड़ाई और आपसी रंजिश की चर्चाएं भी सामने आई थीं। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि हत्या गैंगवार का नतीजा तो नहीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय और अपर पुलिस अधीक्षक विकास त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। एडीजी, जोन लखनऊ के भी घटनास्थल के लिए रवाना होने की जानकारी है।
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। हाईवे और आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल हत्या के पीछे की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।