प्रयागराज। प्रयागराज के झूंसी थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने के बाद शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उन्हें कार्रवाई की आशंका थी, लेकिन “इतना नीच प्रहार” होगा, इसकी कल्पना नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब राजनीतिक और वैचारिक द्वेष के तहत किया जा रहा है।
शंकराचार्य ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “धर्म युद्ध शुरू हो चुका है” और वे किसी भी परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि यदि गिरफ्तारी होती है तो भी वे भागने वाले नहीं हैं और जांच में पूरा सहयोग करेंगे।
गिरफ्तारी की संभावना पर उन्होंने कहा कि “मुख्यमंत्री की पुलिस जिस तरह काम कर रही है, उसमें कुछ भी संभव है,” लेकिन वे हर सवाल का जवाब देने को तैयार हैं, चाहे पूछताछ यहीं हो या कहीं और ले जाकर की जाए।
आरोप लगाने वाले व्यक्ति की मंशा पर सवाल उठाते हुए शंकराचार्य ने दावा किया कि संबंधित व्यक्ति का आपराधिक इतिहास है और पुलिस उस पर कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि उन्हें देशभर के अधिवक्ताओं और समर्थकों का साथ मिल रहा है।
अपने बयान में उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के नाम पर कुछ लोग गिरावट की हद तक जा रहे हैं, इसलिए उन्होंने “धर्म युद्ध” का आह्वान किया है, जो अब रुकेगा नहीं। साथ ही उन्होंने कहा कि वे सत्य के मार्ग पर हैं और “सूर्य की तरह सत्य को कोई ढक नहीं सकता।”