रांची से इलाज के लिए दिल्ली जा रही एक एयर एंबुलेंस सोमवार रात चतरा जिले में क्रैश हो गई। इस विमान में मरीज समेत कुल सात लोग सवार थे, और सभी की मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, लातेहार के चंदवा निवासी संजय कुमार, जो आग से गंभीर रूप से झुलसे थे, उन्हें शाम 7:11 बजे रांची के देवकमल अस्पताल से दिल्ली ले जाया जा रहा था।
विमान में मरीज संजय कुमार, उनकी पत्नी अर्चना देवी और एक अन्य स्वजन ध्रुव कुमार के अलावा एंबुलेंस टीम के कैप्टन विवेक विकास भगत, कैप्टन स्वराज दीप सिंह, डॉ. विकास कुमार गुप्ता और पारा मेडिकल स्टाफ सचिन कुमार गुप्ता सवार थे।रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि शाम 7:34 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से विमान का संपर्क अचानक टूट गया। इसके बाद तत्काल हाई अलर्ट जारी किया गया। इसी बीच चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत करमाटांड़ गांव के पास जंगल में स्थानीय लोगों ने विमान का मलबा देखा।
चतरा जिला पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत कार्य चलाया। रांची एयरपोर्ट के अनुसार, मेडिकल फ्लाइट ने उड़ान भरी थी और अगले स्टेशन तक संपर्क बना था, लेकिन उसके बाद विमान का संपर्क टूट गया। सभी जरूरी SOPs का पालन किया जा रहा है।