लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर बुधवार को आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। लखनऊ और बलिया समेत कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
लखनऊ में सुबह-सुबह पहुंची टीम
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब सात बजे आयकर विभाग की टीमें तीन गाड़ियों से लखनऊ के गोमतीनगर स्थित विधायक के आवास पर पहुंचीं। तीन दर्जन से अधिक अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में आवास और कार्यालय को घेर लिया गया। करीब 50 से ज्यादा अधिकारी दस्तावेजों, फाइलों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच में जुटे रहे। इस दौरान घर के भीतर और बाहर आने-जाने पर रोक लगा दी गई। कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लेने की भी सूचना है।
बलिया में भी कार्रवाई
लखनऊ के अलावा बलिया स्थित आवास और एक प्लांट पर भी जांच की गई। वहां भी आयकर अधिकारियों के साथ पुलिस बल तैनात रहा। सूत्रों के मुताबिक, अधिकारियों ने वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले। प्लांट परिसर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई और किसी को अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
उमाशंकर सिंह बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से 2022 में तीसरी बार विधायक चुने गए थे। वे कैंसर से पीड़ित हैं और लखनऊ स्थित आवास पर रहकर उपचार करा रहे हैं। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उनकी तबीयत नाजुक बनी हुई है।
पिछले वर्ष विजिलेंस विभाग ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों में जांच शुरू की थी। हालांकि, मौजूदा आयकर छापेमारी का उस जांच से सीधा संबंध है या नहीं, इस बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।