नायब सिंह सैनी सोमवार को बतौर वित्त मंत्री हरियाणा का बजट पेश करेंगे। मुख्यमंत्री के रूप में यह उनका दूसरा बजट होगा। वर्ष 2024 में प्रदेश का बजट एक लाख 89 हजार 876.61 करोड़ रुपये और 2025 में दो लाख 5 हजार 17.29 करोड़ रुपये का रहा था। इस बार बजट के दो लाख 15 हजार करोड़ रुपये के करीब पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
सरकार ने अपने पहले बजट में लाडो लक्ष्मी योजना की घोषणा की थी, जबकि इस बार बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष जोर रहने की उम्मीद है। रविवार को अवकाश होने के बावजूद वित्त विभाग, प्रिंटिंग एंड स्टेशनरी विभाग और लोकसंपर्क विभाग समेत कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बजट तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।
बेरोजगार युवाओं को मिल सकता है भत्ता
सरकार औद्योगिक विकास, आधारभूत संरचना की मजबूती, शहरों में नए सेक्टरों की मंजूरी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को बढ़ावा देने के लिए शोध जैसे विषयों पर फोकस कर सकती है। प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए नौ हजार रुपये मासिक भत्ता देने की घोषणा भी संभव है। वित्त विभाग के सूत्रों के अनुसार बुनियादी ढांचा विकास के बजट में करीब 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
परिवहन और ऊर्जा क्षेत्र को मिल सकती है सौगात
परिवहन और ऊर्जा विभाग पहले ही अपनी मांगें सार्वजनिक कर चुके हैं। सरकार का फोकस पुरानी बसों को बदलकर नई बसें सड़कों पर उतारने और बिजली आपूर्ति तंत्र को मजबूत करने पर है। पिछले साल इस सेक्टर को 1254 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। खेती-किसानी के लिए भी लगभग 1500 करोड़ रुपये का प्रावधान होने की संभावना है, क्योंकि कृषि प्रदेश का अहम मुद्दा है।
हर जिले में मेडिकल कॉलेज की तैयारी
सरकार हर जिले में कैंसर केयर यूनिट और मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। अप्रैल में होने वाले नगर निगम चुनावों को देखते हुए शहरी विकास पर भी विशेष ध्यान रहेगा। पिछले साल शहरी विकास के लिए 5666 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे, जिनमें इस बार 20 से 30 प्रतिशत तक की वृद्धि संभव है।
गृह विभाग और एटीएस को मिल सकती है मंजूरी
पुलिस विभाग की मजबूती के लिए पहले ही कई योजनाओं की घोषणा हो चुकी है, जिनमें एटीएस गठन प्रमुख है। इस बजट में गृह विभाग के बजट में वृद्धि के साथ एटीएस को औपचारिक मंजूरी मिल सकती है।
पीएम श्री की तर्ज पर खुलेंगे सीएम श्री स्कूल
हरियाणा सरकार पीएम श्री स्कूल की तर्ज पर सीएम श्री स्कूल खोलने की तैयारी में है। बजट में इन स्कूलों से जुड़ी घोषणा की जा सकती है। साथ ही पीएम श्री स्कूलों के विस्तार की भी संभावना है। पिछले बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 10 हजार 159 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे, जिनमें इस बार करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके अलावा शहरों में नए सेक्टरों को मंजूरी देने का भी ऐलान संभव है, जिससे शहरी विस्तार और विकास को गति मिल सके।