मुंबई। ICC Men’s T20 World Cup 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने और इंग्लैंड को सात रन से हराकर फाइनल में एंट्री कर ली है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 253 रनों का पहाड़ सा स्कोर खड़ा किया। जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 246 रन ही बना पाई और 7 रनों से ये मैच गंवा दिया।
इससे पहले इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि इंग्लैंड के लिए उनका ये फैसला भारी पड़ गया। भारतीय बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर धुलाई की और निर्धारित 20 ओवरों में रनों का पहाड़ सा स्कोर खड़ा कर दिया। भारत को इस स्कोर तक पहुंचाने में संजू सैमसन का अहम योगदान रहा। उन्होंने 42 गेंदों पर 89 रनों की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और आठ छक्के लगाए। उनके अलावा ईशान किशन ने 18 गेंदों पर 39, शिवम दुबे ने 25 गेंदों पर 43 रन बनाए। हालांकि अभिषेक शर्मा एक बार फिर फ्लॉप साबित हुए और महज 9 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए।
इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव करते हुए रेहान अहमद की जगह जेमी ओवरटन को शामिल किया जबकि भारतीय टीम ने अपनी पिछली प्लेइंग इलेवन को बरकरार रखा।
भारत की प्लेइंग XI: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
इंग्लैंड की प्लेइंग XI: फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद।