हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से कुल 1884 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। वृद्धावस्था सम्मान भत्ता और दिव्यांगजन भत्ता सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 26 लाख 12 हजार लाभार्थियों के खातों में 842 करोड़ 92 लाख रुपये जमा किए गए। वहीं, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ फसलों के लिए 1,67,460 किसानों के बैंक खातों में 711 करोड़ 69 लाख रुपये की बीमा राशि डाली गई।
मुख्यमंत्री ने कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा के साथ मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार हर वर्ग—किसान, महिला, युवा और गरीब—को सशक्त बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विभिन्न योजनाओं के तहत महिला लाभार्थियों के खातों में 1357 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए थे।
किसानों के लिए भी मुख्यमंत्री ने अहम जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछले 11 सालों में किसानों को फसल मुआवजे और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अब तक 16,160 करोड़ रुपये दिए गए हैं। वहीं, पूर्व कांग्रेस सरकार के 10 साल के शासनकाल में केवल 1138 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि जारी की गई थी, और 269 करोड़ रुपये बकाया छोड़कर चली गई थी। इसे वर्तमान सरकार ने वर्ष 2014 में सत्ता संभालने के बाद जारी किया।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि आढ़तियों को राज्य सरकार द्वारा दिया जाने वाला अतिरिक्त कमीशन भी सीधे उनके बैंक खातों में स्थानांतरित किया गया है। केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय भंडारण के लिए खरीदे जाने वाले खाद्यान्न पर आढ़तियों को गेहूं पर 46 रुपये प्रति क्विंटल, धान पर 45 रुपये 88 पैसे और बाजरा पर 11 रुपये 75 पैसे प्रति क्विंटल के हिसाब से कमीशन दिया जाता है।