हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को शिमला के अंतर्राज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी) टूटीकंडी से प्री-पेड टैक्सी सेवा की शुरुआत की। इस सुविधा के तहत यात्री आईएसबीटी टूटीकंडी स्थित प्री-पेड टैक्सी काउंटर से अपनी मंजिल के लिए टैक्सी बुक कर सकेंगे।
नई व्यवस्था के अनुसार यात्री काउंटर पर किराया पहले ही जमा करेंगे और उन्हें एक भुगतान पर्ची दी जाएगी। इस पर्ची को टैक्सी चालक को दिखाना अनिवार्य होगा। इसके बाद चालक यात्री को निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाएगा। यात्रा पूरी होने के बाद चालक उसी पर्ची को काउंटर पर जमा करेगा और वहां से भुगतान प्राप्त करेगा। किराया पहले से तय और जमा होने के कारण यात्रियों और चालकों के बीच किराए को लेकर विवाद की संभावना नहीं रहेगी।
यह प्री-पेड टैक्सी सेवा शिमला शहर के भीतर 26 स्थानों को कवर करेगी। इसके अलावा इस सेवा में चंडीगढ़ शहर और चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी शामिल किया गया है। इस सेवा के तहत कुल 115 वाहनों का संचालन किया जाएगा, जिन्हें टैक्सी यूनियन संचालित करेगी।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि यह पहल पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा भी बढ़ाएगी। उन्होंने बताया कि किराया दरें परिवहन विभाग द्वारा अधिसूचित की गई हैं, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों दोनों को सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, महापौर सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
इसी के साथ हिमाचल प्रदेश सरकार ने शिमला से चंडीगढ़ जाने वाली प्री-पेड टैक्सियों के किराए में संशोधन करते हुए नई दरें भी अधिसूचित की हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) आरडी नजीम की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार आईएसबीटी शिमला से चंडीगढ़ सिटी तक जाने वाली प्री-पेड टैक्सी का किराया 3000 रुपये तय किया गया है, जबकि अधिकतम किराया 5000 रुपये तक लिया जा सकेगा।
वहीं आईएसबीटी शिमला से चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक जाने वाली प्री-पेड टैक्सी का किराया 3500 रुपये निर्धारित किया गया है और इसका अधिकतम किराया 5500 रुपये तय किया गया है। परिवहन विभाग के अनुसार यह संशोधित दरें प्वाइंट-टू-प्वाइंट आधार पर लागू होंगी, जिससे यात्रियों को पहले से तय किराए की सुविधा मिलेगी और अधिक किराया वसूलने की शिकायतों पर रोक लग सकेगी। नई दरें तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।