नेपाल के मध्य क्षेत्र में भारतीय तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हुए हैं। पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार को गंडकी प्रांत के गोरखा जिले में हुआ। तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस मनकामना मंदिर से लौट रही थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गई।
जिला यातायात पुलिस प्रमुख सूरज आर्यल ने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। सभी मृतक भारतीय नागरिक हैं। पुलिस ने मृतकों की पहचान मुथु कुमार (58), अनामलिक (58), मीनाक्षी (59), शिवगामी (53), विजयल (57), मीना (58) और तमिलारसी (60) के रूप में की है।
‘काठमांडू पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, सात अन्य घायल यात्रियों को बचा लिया गया और उन्हें आंबुखैरेनी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ‘हिमालयन टाइम्स’ की रिपोर्ट में कहा गया है कि इलेक्ट्रिक बस का चालक बाल-बाल बच गया, जबकि उसका सहायक घायल हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।