रिपोर्ट :- द्वारकेश बर्मन
वृंदावन। ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के सेवायत शशांक गोस्वामी ने अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में थाना जैंत में मुकद्दमा दर्ज करवाया है। पुलिस ने प्राथमिक रिपोर्ट ( तहरीर) के आधार पर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बांके बिहारी मंदिर में सेवाधिकारी शशांक गोस्वामी अपने परिवार के साथ छटीकरा वृंदावन रोड स्थित कृष्णा ग्रीन सोसायटी के फ्लैट नम्बर c 102 में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंदिर में सेवा का कार्य होने के कारण वह सुबह और शाम के समय अधिकतर मंदिर में ही रहना पड़ता है, जिसके चलते अधिकतर वह अपने घर और स्वजनों के पास नहीं रह पाते हैं गोस्वामी शशांक का आरोप है कि उसी सोसायटी के निवासी उनके पड़ोसी सी104 में रहने वाले अभिराम उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर उनकी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करता है और अशोभनीय टिप्पणियां करता है।
पीड़ित सेवायत का कहना है कि जब इस संदर्भ में पड़ोसी अभिराम से वार्तालाप करने का और समझाने का प्रयास किया तो वह आक्रामक हो गया और तैश में आकर उनके साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली गलौज देने पर आमादा हो गया साथ ही जान से मारने की धमकी भी देने लगा। इस पूरे मामले में थाना जैंत पुलिस ने शशांक गोस्वामी की प्राथमिक सूचना रिपोर्ट के आधार पर संबंधित धाराओं के आधार पर मुक़दमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य पाए जायेंगे उसके आधार पर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी ।