मुंबई। रणवीर सिंह की नई स्पाई-थ्रिलर फिल्म धुरंधर 2 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर छा गई है। करीब 4 घंटे लंबी इस फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है। सोशल मीडिया पर फिल्म की तारीफों की बाढ़ आ गई है, वहीं फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे भी इसकी सराहना कर रहे हैं।
खास बात यह रही कि साउथ सिनेमा के दिग्गज सितारे महेश बाबू, अल्लू अर्जुन और जूनियर एनटीआर ने भी फिल्म की जमकर तारीफ की। उनके रिएक्शन ने फिल्म को पैन-इंडिया लेवल पर और मजबूती दी है।
लेकिन इसी बीच साउथ के ही जाने-माने अभिनेता प्रकाश राज ने इन तारीफों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट का जवाब देते हुए तंज कसा- “Signs of Obligations are spreading South too. #justasking.”
यानी उनके मुताबिक, दक्षिण भारत में भी अब ‘मजबूरी में की गई तारीफ’ का चलन बढ़ रहा है। इतना ही नहीं, प्रकाश राज ने एक और पोस्ट में लिखा—“मैं धुरंधर से बहुत दूर हूं… आप हैं?” उनके इस बयान को फिल्म की देशभक्ति थीम और उसके प्रचार पर कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है।
फिल्म की बात करें तो ‘धुरंधर 2’ एक हाई-ऑक्टेन स्पाई थ्रिलर है, जिसमें एक जासूस अपने देश को बचाने के मिशन पर निकलता है। यह फिल्म इसके पहले पार्ट की कहानी को आगे बढ़ाती है और दर्शकों को एक्शन और इमोशन का भरपूर मिश्रण देती है।
जहां एक तरफ फिल्म बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है, वहीं दूसरी तरफ प्रकाश राज के बयान ने एक नई बहस को जन्म दे दिया है—क्या ये तारीफें सच में दिल से हैं या फिर इंडस्ट्री की ‘मजबूरी’?