रामनवमी के अवसर पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए अवकाश को दो दिन का कर दिया है। जनभावनाओं और मंदिरों में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए अब 26 मार्च के साथ-साथ 27 मार्च को भी प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
पहले सरकार की ओर से 26 मार्च को ही छुट्टी घोषित की गई थी, लेकिन रामनवमी का मुख्य पर्व 27 मार्च को पड़ने और इस दिन विभिन्न शहरों में शोभायात्राएं निकलने को ध्यान में रखते हुए अवकाश बढ़ाने का निर्णय लिया गया। अब दोनों दिनों में सरकारी कार्यालय, स्कूल और अन्य संस्थान बंद रहेंगे।
इसी के साथ न्यायालयों के अवकाश में भी बदलाव किया गया है। पहले 26 मार्च को अदालतों में छुट्टी तय थी, लेकिन अब इसे बदलकर 27 मार्च कर दिया गया है। हाईकोर्ट के निर्देश के अनुसार 26 मार्च को न्यायालयों में सामान्य कार्य होगा, जबकि 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर सभी अदालतें बंद रहेंगी। सरकार के इस फैसले को त्योहार के दौरान सुगम व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।