नई दिल्ली/कोलकाता। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के बयान ने भारत में सियासी हलचल तेज कर दी है। कोलकाता पर हमले की धमकी के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने कड़ा रुख अपनाया है और केंद्र सरकार की चुप्पी पर सवाल खड़े किए हैं।
सियालकोट में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ख्वाजा आसिफ ने कहा कि अगर भारत की ओर से कोई “फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन” होता है, तो पाकिस्तान की प्रतिक्रिया सीमित नहीं रहेगी और उसका असर कोलकाता तक देखा जा सकता है। इस बयान के बाद भारत में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई।
TMC के महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने इस बयान पर जोरदार प्रतिक्रिया दी। पश्चिम बंगाल में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस मुद्दे पर चुप हैं।
उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में सत्ता बदलने पर कड़ा जवाब दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह विदेशी खतरों पर चुप रहती है, लेकिन घरेलू राजनीति में एजेंसियों का इस्तेमाल करती है।
ममता बनर्जी ने भी उठाए सवाल
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने सवाल किया कि जब प्रधानमंत्री हाल ही में बंगाल दौरे पर थे, तब इस गंभीर धमकी का जिक्र क्यों नहीं किया गया। ममता बनर्जी ने साफ कहा कि बंगाल पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और राज्य अपनी सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है।
भारत-पाक तनाव के बीच बढ़ी गर्मी
यह पूरा विवाद ऐसे समय सामने आया है जब भारत और पाकिस्तान के बीच पहले से ही तनाव बना हुआ है। इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कह चुके हैं कि पाकिस्तान की किसी भी हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा, चाहे जरूरत सीमा पार कार्रवाई की ही क्यों न पड़े।
अब पाकिस्तान के बयान और TMC की तीखी प्रतिक्रिया के बाद सियासी पारा और चढ़ गया है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा राष्ट्रीय राजनीति में और गरमा सकता है।