मेरठ। मेरठ में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब स्कूली बच्चों से भरी बस खाई में जा पलटी। गनीमत रही कि समय रहते सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
दौराला-लावड़ मार्ग पर खेड़ी टप्पा गांव के पास सेंट मेरीज एकेडमी की बस काली नदी के किनारे करीब 15 फीट गहरी खाई में गिर गई। बस में 50 से ज्यादा बच्चे सवार थे, जो कक्षा 1 से 5 तक के बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, बस रोज की तरह अलग-अलग गांवों चिंदौड़ी, लावड़ और मवीमीरा से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। जैसे ही बस काली नदी फ्लाईओवर के पास पहुंची, चालक का ध्यान भटक गया।
बताया जा रहा है कि ड्राइवर मोबाइल देखने लगा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक को बचाने के प्रयास में उसने नियंत्रण खो दिया और बस खाई में पलट गई। बस एक पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और बच्चों व चालक को बस से बाहर निकालकर पास के अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल सभी बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है।