आदिवी शेष और मृणाल ठाकुर की फिल्म ‘डकैत’ को भले ही मिले-जुले रिव्यू मिले हों, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने दूसरे दिन अच्छी पकड़ दिखाई है। रिलीज के दूसरे दिन यानी शनिवार को फिल्म की कमाई में 6.9 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जिससे यह साफ है कि दर्शकों का रुझान फिल्म की ओर बढ़ रहा है।
Sacnilk के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने दूसरे दिन 7 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 13.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जबकि दुनियाभर में इसका कलेक्शन 24.81 करोड़ रुपये हो चुका है। शनिवार को फिल्म के 3,734 शो चले और ऑक्यूपेंसी 28.5 प्रतिशत रही, जो पहले दिन के 26.4 प्रतिशत से बेहतर है।
ऑक्यूपेंसी के मामले में तेलुगु वर्जन ने शानदार प्रदर्शन किया। दूसरे दिन 41 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ इसने 5.60 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं हिंदी वर्जन ने 16 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ 1.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जो औसत माना जा रहा है।
विदेशी बाजारों में भी फिल्म ने अच्छी कमाई की है। दूसरे दिन 2.50 करोड़ रुपये जोड़ने के बाद ओवरसीज कलेक्शन 9 करोड़ रुपये हो गया है। भारत में कुल 15.81 करोड़ रुपये की कमाई के साथ फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन दो दिनों में 24.81 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
‘डकैत’ एक एक्शन-रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसे आदिवी शेष ने लिखा है और शेनिल देव ने निर्देशन किया है। फिल्म में आदिवी शेष, मृणाल ठाकुर और अनुराग कश्यप मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि प्रकाश राज, सुनील, ज़ैन मैरी खान और अतुल कुलकर्णी सहायक भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।