मध्य पूर्व में तनाव के बीच इजरायल ने लेबनान में हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीजफायर ऐलान के बाद भले ही ईरान पर हमले रुके हों, लेकिन दक्षिणी लेबनान में इजरायली सेना की बमबारी लगातार जारी है। इसी बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को अचानक दक्षिणी लेबनान का दौरा किया। उन्होंने वरिष्ठ सैन्य और रक्षा अधिकारियों के साथ अग्रिम मोर्चे का जायजा लिया और सैनिकों का मनोबल बढ़ाया। इस दौरान उनके साथ रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज, इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एयाल जमीर और उत्तरी कमान के प्रमुख मेजर जनरल राफी मिलो मौजूद रहे।
दौरे के दौरान नेतन्याहू सीमा के पास एक IDF चौकी पर भी पहुंचे, जहां गैलिली डिवीजन के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल युवल गेज ने उन्हें ऑपरेशन्स की जानकारी दी। इस दौरान नेतन्याहू बुलेटप्रूफ जैकेट पहने नजर आए। नेतन्याहू ने अपने सोशल मीडिया पर इस दौरे का वीडियो भी साझा किया, जिसमें वह सैनिकों को संबोधित करते हुए कहते दिखे कि लेबनान में युद्ध अभी खत्म होने से दूर है और इजरायल के दुश्मन अब अपने अस्तित्व के लिए लड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इजरायली सेना ने लेबनान से होने वाले हमलों के खतरे को काफी हद तक नाकाम कर दिया है और एक सुरक्षा क्षेत्र स्थापित कर सीमा पार हमलों को रोका गया है। साथ ही उन्होंने बताया कि एंटी-टैंक फायर और रॉकेट हमलों के खतरे से निपटने के प्रयास जारी हैं।ईरान को लेकर भी नेतन्याहू ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि उनके दुश्मन इजरायल को खत्म करने आए थे, लेकिन अब खुद अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने इसे इजरायल और उसकी सेना की बड़ी उपलब्धि बताया। दक्षिणी लेबनान में जारी इस सैन्य कार्रवाई ने क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा दिया है, और आने वाले दिनों में हालात और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।