पंजाब की पवित्र नगरी तलवंडी साबो में बड़ा प्रशासनिक सुधार करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अत्याधुनिक उप-मंडलीय परिसर का उद्घाटन किया। करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से बने इस नए भवन ने 40 साल पुरानी जर्जर और असुरक्षित इमारत की जगह ली है। मुख्यमंत्री ने तख्त श्री दमदमा साहिब में मत्था टेकने के बाद इस तीन मंजिला परिसर को जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि अब रजिस्ट्री से लेकर रिकॉर्ड रूम तक सभी सरकारी सेवाएं एक ही छत के नीचे हाई-स्पीड डिजिटल कनेक्टिविटी के साथ उपलब्ध होंगी।
उन्होंने बताया कि नई इमारत में 28 कमरे बनाए गए हैं, जिनमें एसडीएम कोर्ट, तहसीलदार कोर्ट, फर्द केंद्र, रिकॉर्ड रूम, खजाना कार्यालय और कैंटीन जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके साथ ही लोगों की सुविधा के लिए लिफ्ट और आधुनिक इंटरनेट व्यवस्था भी की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरानी इमारत पूरी तरह खंडहर बन चुकी थी, जो लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा थी। नया परिसर तलवंडी साबो और आसपास के गांवों के निवासियों को बेहतर, तेज और पारदर्शी सेवाएं प्रदान करेगा।
उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले राज्य की बागडोर गलत हाथों में थी, जिससे पंजाब को नुकसान उठाना पड़ा। उनकी सरकार ने सत्ता में आने के बाद जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी है और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ऐसे आधुनिक ढांचे तैयार किए जा रहे हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने तख्त श्री दमदमा साहिब में अरदास कर पंजाब में शांति, प्रगति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश में सामाजिक सद्भाव और विकास की गति लगातार मजबूत होती जाएगी।