मुंबई| मुंबई के पायधुनी इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कथित फूड पॉइजनिंग के चलते एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान अब्दुल्ला डोकाडिया (40), उनकी पत्नी नसरीन डोकाडिया (35) और उनकी दो बेटियों आयशा (16) व जैनब (13) के रूप में हुई है। एक खुशहाल परिवार का इस तरह अचानक खत्म हो जाना सभी को झकझोर कर रख दिया है।
बिरयानी और तरबूज खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
पुलिस के मुताबिक, परिवार के एक सदस्य ने बयान में बताया कि रात के खाने में सभी ने एक साथ बिरयानी खाई थी। इसके कुछ देर बाद तरबूज का सेवन किया गया। खाना खाने के थोड़ी ही देर बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी।
हालत बिगड़ते ही परिवार के सभी सदस्यों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान एक-एक कर चारों ने दम तोड़ दिया।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील है और हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि भोजन में कोई जहरीला तत्व था या फिर अलग-अलग खाद्य पदार्थों के सेवन से यह स्थिति बनी।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी। अभी के लिए मुंबई पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल है। लोग खाने-पीने की चीजों को लेकर सतर्क हो गए हैं और इस दर्दनाक हादसे की चर्चा हर तरफ हो रही है।