इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में 3 मई को डबल हेडर मुकाबले खेले जा रहे हैं। दिन का पहला मैच दोपहर 3:30 बजे सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
इस सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन मजबूत रहा है। टीम ने अब तक 9 मैचों में से 6 में जीत दर्ज की है, जबकि 3 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। दूसरी ओर कोलकाता नाइट राइडर्स की स्थिति कमजोर नजर आ रही है। केकेआर ने 8 मैचों में सिर्फ 2 जीत हासिल की है और टीम के कुल 5 अंक हैं। ऐसे में प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए यह मुकाबला केकेआर के लिए बेहद अहम है। दोनों टीमों के बीच इस सीजन का यह दूसरा मुकाबला है। इससे पहले खेले गए मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 65 रनों से जीत हासिल की थी।
आईपीएल इतिहास में हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो कोलकाता नाइट राइडर्स का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 31 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें केकेआर ने 20 मैच जीते हैं, जबकि हैदराबाद की टीम 11 मुकाबलों में ही जीत दर्ज कर सकी है। हैदराबाद के इस मैदान पर भी केकेआर का रिकॉर्ड बेहतर रहा है, जहां 7 में से 4 मैच उन्होंने अपने नाम किए हैं।
इस मुकाबले में सभी की नजरें हैदराबाद की ओपनिंग जोड़ी Abhishek Sharma और Travis Head पर रहेंगी। दोनों बल्लेबाज इस सीजन शानदार फॉर्म में हैं और टीम को तेज शुरुआत दिला रहे हैं। अभिषेक शर्मा 400 से अधिक रन बना चुके हैं और अगर इस मैच में बड़ी पारी खेलते हैं तो ऑरेंज कैप की रेस में और मजबूत दावेदारी पेश कर सकते हैं।