नई दिल्ली| राजधानी दिल्ली के सफदरजंग इलाके में शनिवार को एक न्यायिक अधिकारी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान जज अमन कुमार शर्मा के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, अमन कुमार शर्मा अपने आवास पर फंदे से लटके हुए पाए गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। सफदरजंग एन्क्लेव थाना पुलिस को DD नंबर 34 के तहत PCR कॉल के जरिए घटना की जानकारी मिली थी।
परिजनों ने दी थी सूचना
पुलिस के अनुसार, यह कॉल मृतक के जीजा शिवम द्वारा की गई थी, जिन्होंने घटना की जानकारी दी। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है और वह ग्रीन पार्क मेन इलाके में रहते थे। अमन कुमार शर्मा वर्तमान में कड़कड़डूमा कोर्ट में उत्तर-पूर्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) में फुल-टाइम सचिव के पद पर कार्यरत थे।उन्होंने 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा जॉइन की थी। इससे पहले उन्होंने 2018 में पुणे के सिम्बायोसिस लॉ स्कूल से कानून की पढ़ाई पूरी की थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी साजिश या बाहरी हस्तक्षेप के संकेत नहीं मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।