चेन्नई|चेन्नई एयरपोर्ट पर रविवार तड़के एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब शारजाह से आई एयर अरेबिया की फ्लाइट में सवार एक यात्री ने लैंडिंग के तुरंत बाद इमरजेंसी एग्जिट खोलकर बाहर कूदने की कोशिश की। यह घटना विमान के टैक्सीवे पर पहुंचने के कुछ ही पलों बाद हुई, जिससे एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट G9-471, जिसे एयरबस A320 संचालित कर रहा था, सुबह करीब 3:23 बजे उतरी थी। लैंडिंग के एक मिनट बाद ही एक यात्री ने अचानक इमरजेंसी एग्जिट खोल दिया और बाहर निकलने की कोशिश की। सुरक्षा कारणों से विमान को तुरंत रोकना पड़ा।
अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुबह करीब 3:25 बजे मुख्य रनवे 07/25 को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। इस दौरान एयरपोर्ट के संचालन पर असर पड़ा और कुछ फ्लाइट्स को सेकेंडरी रनवे 12/30 पर शिफ्ट करना पड़ा।
यात्री की पहचान 29 वर्षीय मोहम्मद शरीफ मोहम्मद नजमुद्दीन के रूप में हुई है। घटना के बाद विमान को करीब एक घंटे बाद खींचकर पार्किंग बे में ले जाया गया। इसके बाद सुबह लगभग 4:35 बजे रनवे पर सामान्य संचालन बहाल हो सका।
इस घटना का असर अन्य उड़ानों पर भी पड़ा। लंदन से आने वाली ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA0035 को बेंगलुरु डायवर्ट करना पड़ा, जबकि दोहा, अहमदाबाद और दुबई जाने वाली कई फ्लाइट्स में 35 से 40 मिनट तक की देरी हुई।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान कुछ उड़ानों को वैकल्पिक रनवे से संचालित किया गया, ताकि यातायात पूरी तरह प्रभावित न हो। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां यात्री से पूछताछ कर रही हैं।