चेन्नई। तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों के लिए आज 4 मई को मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिल रहा है। राज्य की राजनीति में जहां वर्षों से DMK और AIADMK के बीच मुकाबला होता रहा है, वहीं इस बार थलपति विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कजगम ने कड़ी टक्कर देते हुए बढ़त बना ली है।
रुझानों के मुताबिक, तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) करीब 111 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं AIADMK 66 सीटों पर और DMK 57 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। यह चुनाव थलपति विजय के लिए बेहद खास है, क्योंकि उन्होंने इसी के जरिए अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की है। पहली ही बार चुनाव मैदान में उतरकर उनकी पार्टी का शीर्ष पर पहुंचना राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
खास बात यह है कि विजय खुद दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं और दोनों ही जगहों पर बढ़त बनाए हुए हैं। रुझानों के अनुसार, तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट से वे करीब 8,254 वोटों से आगे चल रहे हैं, जबकि पेरम्बूर सीट से भी लगभग 6,469 वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं।
अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो थलपति विजय अपने पहले ही चुनाव में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनकर इतिहास रच सकते हैं। राज्य की राजनीति में यह एक बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है।