असम विधानसभा चुनाव 2026 में NDA गठबंधन की बड़ी जीत के बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को अपना औपचारिक इस्तीफा सौंप दिया। इसके साथ ही उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों ने भी पद छोड़ दिया, जिससे राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है।
सूत्रों के मुताबिक, असम में नई सरकार का शपथ ग्रहण 12 मई को हो सकता है। ऐसे में हिमंत बिस्वा सरमा के एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की संभावना जताई जा रही है। 126 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA ने 102 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। राज्य में मतदान 9 अप्रैल को एक ही चरण में हुआ था, जबकि मतगणना 4 मई को संपन्न हुई।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव परिणामों की औपचारिक अधिसूचना के बाद नई सरकार के गठन को सुगम बनाने के लिए सरमा ने लोक भवन में राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा। राज्यपाल ने इस्तीफा स्वीकार करते हुए उनसे नई सरकार के शपथ ग्रहण तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में बने रहने का अनुरोध किया है।
इस्तीफा सौंपने के बाद पत्रकारों से बातचीत में सरमा ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह 11 मई के बाद आयोजित होने की संभावना है। उन्होंने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी आमंत्रित किया गया है। सरमा ने यह भी स्पष्ट किया कि असम के नए मुख्यमंत्री का चयन भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में किया जाएगा।