प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से डीजल-पेट्रोल की बचत, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्रहित में एक वाहन से सामूहिक यात्रा करने की अपील का अनुसरण करते हुए आज निरंजन पीठाधीश्वर पूज्य स्वामी कैलाशानंद गिरि एक ही वाहन से कार्यक्रम हेतु प्रस्थान करते दिखाई दिए।
इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री की इस पहल को राष्ट्रहित में अत्यंत प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि यह केवल ईंधन बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी देती है। उन्होंने कहा कि यदि लोग आवश्यकता अनुसार एक वाहन में सामूहिक यात्रा करने की आदत अपनाएं, तो करोड़ों लीटर ईंधन की बचत के साथ प्रदूषण में कमी, ट्रैफिक नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण में भी सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है। इस अवसर पर अनिल खेड़ा भी साथ उपस्थित रहे।
