मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या सोशल मीडिया पोस्ट नहीं, बल्कि उनके मुंबई स्थित घर गैलेक्सी अपार्टमेंट में मिला सांप है। घटना सामने आने के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक मुंबई के बांद्रा स्थित Galaxy Apartments में सांप दिखाई देने के बाद तुरंत रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। मौके पर पहुंचे स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट ने सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। इस दौरान पुलिसकर्मी भी वहां मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि सांप अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर और कार पार्किंग एरिया के पास देखा गया था। रेस्क्यू टीम ने सावधानी के साथ उसे पकड़ा और सुरक्षित तरीके से बैग में डालकर अधिकारियों को सौंप दिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पकड़ा गया सांप धामण प्रजाति का था, जिसे आमतौर पर गैर-ज़हरीला माना जाता है। घटना के बाद अपार्टमेंट परिसर में रहने वाले लोगों ने राहत की सांस ली।
हाल ही में सलमान खान अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी सुर्खियों में थे। उन्होंने अकेलेपन को लेकर एक पोस्ट साझा किया था, जिसके बाद फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई थी। हालांकि बाद में अभिनेता ने साफ किया कि उन्होंने वह पोस्ट सामान्य तौर पर शेयर की थी और उनके आसपास परिवार व करीबी लोग हमेशा मौजूद रहते हैं।