इस्लामाबाद। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा रविवार को जोरदार धमाके से दहल उठी। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, मन फाटक इलाके में रेलवे ट्रैक के पास हुए इस आत्मघाती हमले में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास का इलाका हिल गया और कई वाहनों में आग लग गई।
रेलवे लाइन के पास हुआ विस्फोट
जानकारी के अनुसार, कैंट क्षेत्र से गुजर रही एक ट्रेन के पास अचानक धमाका हुआ। धमाके की चपेट में आने से ट्रेन की एक बोगी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए। मौके पर धुएं का गुबार फैल गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद पुलिस, फ्रंटियर कोर और राहत एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को क्वेटा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सुरक्षा बलों के खिलाफ जवाबी हमला होने की आशंका
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाल के दिनों में बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना ने उग्रवादियों के खिलाफ बड़े अभियान चलाए थे। सुरक्षा बलों ने कई आतंकियों को मार गिराने और कुछ बड़े कमांडरों को गिरफ्तार करने का दावा किया था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि यह हमला उन्हीं कार्रवाइयों के जवाब में किया गया हो सकता है। हाल ही में पाकिस्तान सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने भी क्वेटा का दौरा किया था और सुरक्षा हालात की समीक्षा की थी।
इलाके में हाई अलर्ट
धमाके के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। जांच एजेंसियां विस्फोट की प्रकृति और हमलावरों के नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। हालांकि अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। बलूचिस्तान में पिछले कुछ समय से सुरक्षा स्थिति लगातार चुनौती बनी हुई है और आए दिन हिंसक घटनाएं सामने आती रही हैं।