मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। सोमवार को तेल कंपनियों ने एक बार फिर ईंधन के दाम बढ़ा दिए। पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है, जब पेट्रोल-डीजल महंगा हुआ है। ताजा बढ़ोतरी के बाद आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।
नई दरों के मुताबिक, पेट्रोल की कीमत में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया है। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल अब 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
देश के प्रमुख शहरों में भी ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर हो गया है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। वहीं चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़कर क्रमश: 112.69 रुपये और 97.78 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। जम्मू में पेट्रोल 104.03 रुपये और डीजल 92.86 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है।
बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर घरेलू ईंधन बाजार पर पड़ रहा है। लगातार बढ़ रही कीमतों से आम लोगों के साथ-साथ परिवहन और व्यापार क्षेत्र की चिंता भी बढ़ने लगी है।