राजस्थान के जयपुर जिले में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चौमूं इलाके में जयपुर-सीकर नेशनल हाईवे (NH-52) पर एक ट्रक और टेम्पो क्रूजर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टेम्पो क्रूजर के परखच्चे उड़ गए और वाहन सड़क किनारे बनी एक दुकान में जा घुसा। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, हादसा चौमूं थाना क्षेत्र में हुआ। टक्कर के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत टीम ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल लोगों का निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
टक्कर के बाद दुकान में जा घुसी क्रूजर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भिड़ंत इतनी तेज थी कि टेम्पो क्रूजर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दुकान में घुस गया। मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।
महाराष्ट्र से आ रही थी गाड़ी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टेम्पो क्रूजर महाराष्ट्र से राजस्थान की ओर आ रही थी। वाहन में करीब 10 से 11 लोग सवार थे। पुलिस का कहना है कि हादसे में एक छोटा बच्चा अभी लापता बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है। मृतकों के शवों को चौमूं सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती आशंका तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह मान रही है।