उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल पर घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल गार्गी सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना 28 मई को मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मड़िया पड़ाव स्थित गार्गी सिंह पटेल के आवास पर हुई। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कई लोग महिला नेता के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
आरोप है कि दो महिलाओं समेत करीब पांच लोग अचानक गार्गी सिंह के घर में घुस आए। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने गार्गी सिंह के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों से पिटाई की। इतना ही नहीं, कमरे में रखी टेबल उठाकर भी उन पर हमला किया गया। गार्गी सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि कुछ दिन पहले पार्टी कार्यालय में बैठक समाप्त होने के बाद सपा नेता सिद्धांत जायसवाल ने उन्हें जान से मारने और कटवाकर फेंकवाने की धमकी दी थी। उनका कहना है कि उसी धमकी के बाद यह हमला कराया गया।
मामले में सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। गार्गी सिंह की शिकायत के आधार पर वाराणसी के सूजाबाद निवासी उर्मिला यादव, अमित यादव, मनोज यादव, मोनी यादव तथा रामनगर निवासी सिद्धांत जायसवाल के खिलाफ चार गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।