मुंबई से सटे नालासोपारा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 13 महीने के बच्चे की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। यह पूरी घटना फार्म हाउस परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद लोगों को झकझोर दिया है। यह हादसा 29 मई की शाम नालासोपारा पश्चिम के कलंब स्थित तुलसी फार्म हाउस में हुआ। मृत बच्चे की पहचान आयुष दशरथ ईभाड के रूप में हुई है।
खेलते-खेलते पूल तक पहुंचा मासूम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आयुष के माता-पिता फार्म हाउस में कार्यरत हैं। घटना के समय फार्म हाउस में ग्राहकों की काफी भीड़ थी। बच्चे के पिता दशरथ मेहमानों की देखरेख में व्यस्त थे, जबकि उसकी मां अनुषा रसोई संबंधी कार्यों में लगी हुई थीं। इसी दौरान आयुष खेलते-खेलते अपने पिता की नजरों से ओझल हो गया। बताया जा रहा है कि शाम करीब 6 बजे वह परिसर में घूमते हुए स्विमिंग पूल के पास पहुंच गया और संतुलन बिगड़ने से पानी में गिर गया।
CCTV फुटेज में कैद हुई घटना
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें मासूम को पूल के आसपास खेलते हुए देखा जा सकता है। फुटेज के अनुसार, बच्चे के पानी में गिरने के बाद भी आसपास मौजूद लोगों का ध्यान उस पर नहीं गया। हैरानी की बात यह है कि हादसे के समय स्विमिंग पूल के आसपास कई बच्चे और वयस्क मौजूद थे, लेकिन भीड़भाड़ के बावजूद किसी ने बच्चे को पानी में गिरते नहीं देखा। इसी कारण समय रहते उसे बाहर नहीं निकाला जा सका।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटना की डायरी दर्ज कर ली है तथा फार्म हाउस में सुरक्षा मानकों, निगरानी व्यवस्था और संभावित लापरवाही के पहलुओं की जांच कर रही है। यह हादसा एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त निगरानी व्यवस्था की आवश्यकता को रेखांकित करता है, विशेषकर उन जगहों पर जहां स्विमिंग पूल जैसी जोखिम वाली सुविधाएं मौजूद हों।