पटना। बिहार की राजधानी पटना से चर्चित शिक्षक खान सर को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। उनके खिलाफ कदमकुआं थाने में मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई उनके बॉडीगार्ड द्वारा कथित तौर पर गोली चलाने की घटना को लेकर की गई है।
पुलिस ने अपने स्तर पर मामले को गंभीर मानते हुए केस दर्ज किया है और अब इसकी जांच तेज कर दी गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सवाल इस बात को लेकर उठ रहे हैं कि आखिर बॉडीगार्ड के पास हथियार का इस्तेमाल करने की नौबत कैसे आई और फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई।
जांच के लिए बनाई गई विशेष टीम
मामले की जांच के लिए पटना पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया है। पुलिस अधिकारी पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से पड़ताल कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, जांच टीम जल्द ही खान सर से भी पूछताछ कर सकती है।
घटना के बाद इलाके में हलचल बढ़ गई है और पुलिस लगातार संबंधित लोगों से जानकारी जुटाने में लगी हुई है। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस जुटा रही सबूत
पुलिस आसपास के CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी सबूतों की भी जांच कर रही है। फिलहाल इस मामले को लेकर आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन जांच एजेंसियां पूरे घटनाक्रम को संवेदनशील मानते हुए सतर्कता बरत रही हैं।