भारतीय जनता पार्टी ने बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव-2026 के लिए अपने चार उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। इस सूची में भोजपुरी फिल्म जगत के लोकप्रिय अभिनेता और गायक पवन सिंह को भी उम्मीदवार बनाया गया है। टिकट मिलने के बाद पवन सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए जानकारी दी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव-2026 के लिए भाजपा (एनडीए) की ओर से घोषित प्रत्याशी संजय मयूख और पवन सिंह ने लोकसेवक आवास पर उनसे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दोनों उम्मीदवारों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी जीत की कामना की।
मुख्यमंत्री की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए पवन सिंह ने उनका आभार जताया। उन्होंने लिखा, “आपको दिल से धन्यवाद एवं सादर प्रणाम।भाजपा ने इस चुनाव के लिए पवन सिंह और संजय मयूख के अलावा अनिल ठाकुर और शीला पंडित को भी उम्मीदवार बनाया है। टिकट मिलने के बाद पवन सिंह ने बिहार भाजपा के महासचिव (संगठन) भीखुभाई दलसानिया से भी मुलाकात की।
राज्य भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पवन सिंह ने कहा, “पार्टी मेरे लिए मां के समान है। मैं भाजपा का एक विनम्र कार्यकर्ता हूं। पार्टी जो भी जिम्मेदारी और निर्देश देगी, उसका पूरी निष्ठा से पालन करूंगा। मुझे यह अवसर देने के लिए मैं पार्टी के केंद्रीय और राज्य नेतृत्व का आभारी हूं। गौरतलब है कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में पवन सिंह ने बिहार की काराकाट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। अब भाजपा द्वारा विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाए जाने के बाद उनकी सक्रिय राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।