फिलीपींस में आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी है। भूकंप के तेज झटकों के बाद कई इमारतें ढह गईं, एयरपोर्ट को नुकसान पहुंचा और तटीय इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विदेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस आपदा में अब तक कम से कम 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
सुनामी चेतावनी से बढ़ी चिंता
भूकंप के बाद फिलीपींस के साथ-साथ इंडोनेशिया और मलेशिया के तटीय क्षेत्रों में भी सुनामी अलर्ट जारी किया गया है। फिलीपींस में करीब 3 मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई गई है, जिसके बाद समुद्री इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।
एयरपोर्ट और इमारतों को भारी नुकसान
भूकंप के झटके इतने जबरदस्त थे कि जनरल सैंटोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं शहर में एक चार मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग और एक शॉपिंग मॉल भी ढह गया। सोशल मीडिया पर सामने आ रहे वीडियो और तस्वीरों में तबाही का भयावह मंजर दिखाई दे रहा है।
समुद्र के भीतर था भूकंप का केंद्र
फिलीपींस भूकंप विज्ञान संस्थान (Phivolcs) के अनुसार, भूकंप का केंद्र मिंडानाओ द्वीप के जनरल सैंटोस शहर से करीब 13 किलोमीटर दूर समुद्र के भीतर था। झटके जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में महसूस किए गए। भूकंप के बाद राहत और बचाव दल प्रभावित इलाकों में लगातार अभियान चला रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से समुद्र तटों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।